आगरा के फतेहाबाद तहसील के सामने स्थित मैरिज होम का किराया मांगने पर दबंगों ने मालिक और उसके पिता के साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट की इस घटना में मैरिज होम का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के मढ़ैया लोधे (मीठपुरा) निवासी सुरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तहसील के सामने स्थित उनके मैरिज होम का इस्तेमाल पिछले 3 वर्षों से मल्लाहटूला निवासी हैप्पी लाइट वाला कर रहा था। आरोप है कि मैरिज होम का किराया मांगने पर वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुरेश पर हमला कर दिया। शोर सुनकर सुरेश के वृद्ध पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित ने इस वारदात में महावीर, जौनी, अमन, दिलीप और अनिल सहित 6 लोगों के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए अस्पताल भेज दिया है।