मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के समीप पोतरा कुंड क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली के खंभे की चपेट में आने से एक श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल श्रद्धालु को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु बिजली के खंभे से चिपक गया था। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया और श्रद्धालु को वहां से हटाकर अस्पताल भेजा। हादसे को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जन्माष्टमी के चलते श्रीकृष्ण जन्मभूमि और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ है। ऐसे में बिजली के खंभों और कार्यस्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत खंभों और खुले विद्युत कार्यस्थलों की तत्काल जांच कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।