आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएड की प्रोविजनल डिग्री लेने के लिए मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थी पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर चार्ट रूम का शटर बंद करा दिया। इसके बाद गेट के बाहर अभ्यर्थियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। काफी देर तक हंगामा और शोर-शराबा चलता रहा। दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे सोमवार से ही प्रोविजनल डिग्री के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि दो से तीन बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें अब तक डिग्री नहीं मिली। न ही डिग्री घर भेजे जाने में देरी का कोई स्पष्ट कारण बताया जा रहा है। अब शिक्षक भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक टीजीटी भर्ती के ऑनलाइन आवेदन में बीएड की डिग्री अपलोड करनी है। आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर है। ऐसे में समय रहते डिग्री नहीं मिली तो उनका आवेदन अटकने का खतरा है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे प्रदेशों से भी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है, इसके बावजूद अभ्यर्थियों को डिग्री के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। चार्ट रूम से लेकर सीनेट हॉल तक अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रहती है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब विश्वविद्यालय ने वर्ष 1927 से 2020 तक के सभी चार्ट स्कैन करा लिए हैं, तो रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बावजूद डिग्री जारी करने की प्रक्रिया इतनी जटिल क्यों है। विद्यार्थियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के बजाय हेल्प डेस्क से ही उनकी समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।