आगरा के बाह के जैतपुर के फतेहपुरा मोड़ पर रविवार की दोपहर 2 बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मासूम समेत दंपती घायल हो गए। चित्राहाट के पारना गांव निवासी आकाश, अपनी पत्नी सलोनी और 2 साल के बेटे गोपाल के साथ जैतपुर बाजार करने के लिए बाइक से घर से निकले थे। फतेहपुरा मोड़ के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर दूर तक घिसट गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने आकाश एवं गोपाल की नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जैतपुर पुलिस दुर्घटना करने वाली कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है।