जन्माष्टमी पर बांके बिहारी मंदिर में कान्हा का जन्मदिन इस बार खास अंदाज में मनाया जाएगा। इसके लिए 31 किलो का तीन मंजिला विशेष केक आगरा में तैयार किया गया है। खास बात यह है कि केक का ऑर्डर जन्माष्टमी से ठीक एक दिन पहले मिला और करीब 12 घंटे में इसे तैयार कर दिया गया। शुक्रवार को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केक की कटिंग करेंगे। मिष्ठान भंडार के मालिक उमेश गुप्ता बताते हैं कि केक तैयार करने में करीब 20 लोगों की टीम लगातार जुटी रही। डिजाइन तैयार करने में समय लगा। उसी के आधार पर तीन मंजिला केक को तैयार किया गया है। केक की पहली मंजिल पर पार्किंग का मॉडल बनाया गया है। इसमें चॉकलेट से तैयार की गई गाड़ियों को सजाया गया है। केक को मंदिर की थीम और जन्माष्टमी के अनुरूप आकर्षक रूप दिया गया है। 56 भोग के साथ 56 तरह की काजू कतली भी जन्माष्टमी के लिए 56 भोग की विशेष तैयारी की गई है। इसके अलावा 56 प्रकार की काजू कतली भी तैयार की गई है। इन्हें भी बांके बिहारी मंदिर भेजा जाएगा। जन्माष्टमी समारोह के दौरान केक कटिंग के साथ कान्हा का जन्मदिन मनाया जाएगा।