आगरा के खंदौली में दीपावली के त्योहार से पहले अवैध रूप से पटाखों के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सतर्क हो गई है। खंदौली कस्बे के मई चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पटाखों से भरे एक टेंपो को पकड़ लिया। टेंपो में 8 बोरियों में भरकर ले जाए जा रहे करीब 300 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखे ले जा रहे युवक से लाइसेंस और परिवहन संबंधी कागजात मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के थाना मटसेना क्षेत्र के निवासी सुरजीत टेंपो में 8 बोरियों में पटाखे भरकर फिरोजाबाद से दाऊजी की ओर ले जा रहा था। जब उसका टेंपो खंदौली कस्बे के मई चौराहे पर पहुंचा, तभी पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया। टेंपो की तलाशी लेने पर उसमें 8 बोरियों में भरे करीब 300 किलो पटाखे मिले।