पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में पंजाब से दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इनमें ननखड़ी क्षेत्र का बलबीर सिंह उर्फ फौजी भी शामिल है, जिसे पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया। आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने पुराने मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे तथा ठिकाने भी बदल लिए थे। दूसरे मामले में पुलिस ने लुधियाना से गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों तक पुलिस बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच करते हुए पहुंची। शनिवार को एएसपी शिमला मेहर पंवार ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। पहले मामले में 27 अक्तूबर को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी बैरियर पर एक टैक्सी की तलाशी ली थी। इस दौरान टैक्सी में सवार अमृतसर निवासी रेशम सिंह (34) के कब्जे से करीब 257 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि यह खेप ननखड़ी निवासी बलबीर सिंह उर्फ फौजी को सप्लाई की जानी थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की।