कैथलीघाट-ढली फोरलेन ट्विन टनल प्रभावित संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ शनिवार को राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बैठक की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने शांति विहार वार्ड के सामुदायिक भवन में भवन मालिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ट्विन टनल निर्माण के चलते करीब 15 घरों में आई दरारों और इससे पैदा हुई समस्याओं के बारे में जानकारी ली। समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने इन्हें जल्द केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने और स्थायी समाधान निकालने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह 20 दिन के भीतर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों की मुलाकात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से करवाएंगे। शिमला उनका घर है और अपने लोगों की इस समस्या को सुलझाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। एक घंटे तक चली इस बैठक में शांति विहार के पार्षद विनीत शर्मा, भट्ठाकुफर के पार्षद नरेंद्र ठाकुर सहित संघर्ष समिति के पदाधिकारी और सदस्य अंशुल चौहान, आईडी शर्मा, पूर्व पार्षद राजेंद्र चौहान, सतीश शर्मा, बालक राम चौहान, हरीश शर्मा, रमेश चौहान और भवन मालिक राजेंद्र चौहान मौजूद रहे।