सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के वालोरिया स्थित पगारा फली में मक्का और सौंफ की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से जानकारी मिलने के बाद खेतों में कार्रवाई की योजना बनाई गई। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
चार थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेयसिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और पिंडवाड़ा वृत्ताधिकारी राहुल मीणा के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
इसमें रोहिड़ा, पिंडवाड़ा, स्वरूपगंज और आबूरोड सदर थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई में रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण सहित संबंधित थानों के पुलिसकर्मियों ने भूमिका निभाई। खेत अलग-अलग खातेदारों से संबंधित होने के कारण पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।
2950.84 किलो गांजे के पौधे जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 2950.84 किलोग्राम वजन के गांजे के हरे पौधे जब्त किए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान होसियाराम पुत्र लाडूराम, जेपुराम पुत्र मीनाराम, लसमाराम पुत्र रायचंद और अनिल कुमार पुत्र जोवनाराम उर्फ सकाराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी वालोरिया के पगारा फली क्षेत्र के निवासी हैं।
खेती कब से हो रही थी, इसकी जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खेती से जुड़े तथ्यों का पता लगा रही है। जांच में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि खेतों में गांजे के पौधे कब से उगाए जा रहे थे और खेती में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने गांजे की बिक्री, आपूर्ति या किसी बड़े नेटवर्क से संबंध होने की पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।