जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किए गए दो कथित शातिर अपराधियों अमन और फतेह को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपी सोमवार को एक पुराने मामले की सुनवाई के लिए जालंधर कचहरी परिसर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी, जिससे उनकी टांगों में गंभीर चोटें आईं। मामला जालंधर कैंट थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि केस नंबर 84/2, आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में वांछित अमन और फतेह कोर्ट परिसर में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही दोनों ने कथित तौर पर भागने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। छलांग के कारण दोनों घायल हो गए और आगे भाग नहीं सके। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उपचार करवाया और बाद में अदालत में पेश किया। अदालत से दोनों का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।पुलिस के अनुसार, अमन के खिलाफ 11 आपराधिक मामले, जबकि फतेह के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। रिमांड के दौरान पुलिस इनसे हथियारों से जुड़े मामले सहित अन्य आपराधिक मामलों को लेकर पूछताछ करेगी। आगे की कार्रवाई जांच और सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी।