जालंधर कैंट हाईवे पर एलपीयू के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक मनीष डॉक्टर था। घायल दीपक के अनुसार, दोनों देर रात एलपीयू के पीछे एक मरीज के घर से पट्टी करने के बाद वापस लौट रहे थे। पुल से नीचे उतरते समय वे अपनी दिशा में जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार टिप्पर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दीपक ने बताया कि टिप्पर चालक ने पहले हल्की साइड दी, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टिप्पर दोनों को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। घायल के मुताबिक, वह भी कुछ समय तक ट्रक के नीचे फंसा रहा। उसने बताया कि उसने हिम्मत करते हुए ट्रक की ट्यूबें पकड़ लीं और नीचे सेंटर की तरफ हो गया, जिससे उसकी जान बच सकी। उसके साथी मनीष के पास ऐसा करने का मौका नहीं था और वह चपेट में आ गया। आरोप-“ड्राइवर ने नशा किया हुआ था” दीपक ने आरोप लगाया कि टिप्पर चालक ने संभवतः नशा किया हुआ था। उसने पुलिस से चालक से पूछताछ कर यह जांचने की मांग की है कि हादसे के समय उसकी हालत क्या थी। हालांकि, ड्राइवर के नशे में होने की पुष्टि अभी पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है। थाना कैंट के एसीपी बलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल मिला। उन्होंने कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, लिखित शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल दीपक का उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।