अग्रवाल सभा कोटकपूरा की ओर से लाजपत नगर स्थित अग्रवाल भवन में रविवार रात महाराजा अग्रसेन जयंती को समर्पित भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कीर्तनीय सदा हरि के कलाकारों ने भजन गायक संजीव शर्मा के नेतृत्व में प्रभु महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से निहाल किया। इस दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अग्रवाल बंधुओं तथा नगर कौंसिल के नवनिर्वाचित पार्षद आशु गर्ग को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर अग्रवाल परिवारों को नगद राशि देकर सहायता प्रदान की गई। अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गोयल ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा, भावना और धूमधाम से मनाई गई। जयंती समारोह के तहत सुबह रक्तदान एवं मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किए गए, जबकि रात्रि को भजन संध्या के साथ समारोह का समापन हुआ। भजन संध्या के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। सुभाष गोयल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभा के सभी पदाधिकारियों और शहरवासियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।