फरीदकोट जिला पुलिस की ओर से एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में फरीदकोट शहर के दशमेश नगर समेत नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले विभिन्न इलाकों में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने नशा तस्करी से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के घरों की तलाशी ली। इसके अलावा इलाके में घूम रहे संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की गई। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने की। ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों को निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत लगातार इस तरह के सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत फरीदकोट शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस टीमें जांच कर रही हैं, ताकि नशे की सप्लाई लाइन को तोड़ा जा सके और नशा तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के खात्मे के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।