फरीदकोट में नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए जिला पुलिस ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की हॉटस्पॉट बस्तियों में कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देश पर 125 पुलिस कर्मचारियों की विभिन्न टीमों ने गांव दीप सिंह वाला, दाना मंडी सादिक और फरीदकोट रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। एसपी हेडक्वार्टर जसप्रीत सिंह, डीएसपी फरीदकोट त्रिलोचन सिंह और डीएसपी (डी) अवतार सिंह की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के पुराने आरोपियों व आपराधिक रिकॉर्ड वाले संदिग्धों के ठिकानों की भी जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ वाहनों की तलाशी ली और आने-जाने वाले रास्तों की नाकाबंदी कर जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों का रिकॉर्ड पीआईएस ऐप के माध्यम से भी चेक किया गया। डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कुछ संदिग्ध नशा तस्करों को काबू किया गया है। जांच के बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करों संबंधी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।