फरीदकोट जिला पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान की आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की नशा विरोधी मुहिम के मालवा जोन इंचार्ज तथा इंप्रूवमेंट ट्रस्ट फरीदकोट के चेयरमैन गगनदीप सिंह पालीवाल ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए मुहिम को और प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। हाल ही में राज्य के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने फरीदकोट पहुंचकर राज्य सरकार की युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस को नशे की हॉटस्पॉट बस्तियों को चिन्हित कर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटकपूरा के गांव खारा के पास से 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन सहित चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने कासो ऑपरेशन के तहत गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चेयरमैन पालीवाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री के निर्देशों के बाद जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी जिले की हॉटस्पॉट बस्तियों में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।