फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट में 14 देशों की हस्तियों का जमावड़ा, युवाओं के लिए ‘जंक्शन एक्स’ का ऐलान

पठानकोट में रविवार को समाजसेवी एवं शिक्षाविद् सृजल गुप्ता की पहल पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘टेडएक्य कैलाडोनियन’ का आयोजन किया गया। ढांगू रोड स्थित एक होटल में ‘द वर्ल्ड कम्स टू पठानकोट’ थीम के तहत आयोजित इस सम्मेलन में 14 देशों की प्रमुख हस्तियों, पूर्व प्रधानमंत्रियों, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य पठानकोट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में माल्टा के पूर्व प्रधानमंत्री जोसेफ मस्कट, रोमानिया के पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर पोंटा, मोल्दोवा के पूर्व प्रधानमंत्री इयूरी लंका और स्लोवाकिया के पूर्व प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर सहित कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं। आयोजकों के अनुसार, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति अल गोर ने भी शुभकामना संदेश भेजे। युवाओं के लिए ‘जंक्शन एक्स’ का पोस्टर लॉन्च सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण सृजल गुप्ता द्वारा युवाओं के लिए ‘जंक्शन एक्स’ पहल की घोषणा रही। इस अवसर पर कार्यक्रम में उत्साह के बीच पहल का पोस्टर लॉन्च किया गया। आयोजकों के मुताबिक, यह मंच 18 से 25 वर्ष की आयु के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर हासिल करने का मौका देगा। इस पहल के तहत प्रमुख टेक कंपनियों के विशेषज्ञों को निर्णायक के रूप में जोड़ने की योजना है। इसमें प्रतिभाशाली युवाओं को चयन प्रक्रिया के माध्यम से आगे की विशेष ट्रेनिंग और जॉब प्लेसमेंट के अवसरों के लिए फिनलैंड भेजने की परिकल्पना की गई है। सृजल गुप्ता के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पठानकोट और आसपास के युवाओं को उनके क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है, ताकि उन्हें रोजगार और करियर की संभावनाओं के लिए बड़े शहरों या विदेशों में भटकना न पड़े। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक कंपनियों और विशेषज्ञों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अंतरिक्ष, कानून, लोकतंत्र और खुशी पर हुई चर्चा सम्मेलन में अंतरिक्ष, कानून, लोकतंत्र और मानवीय खुशी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न देशों से आए वक्ताओं ने अपने अनुभव और विचार साझा करते हुए इन विषयों के सामाजिक और तकनीकी प्रभावों पर प्रकाश डाला। लक्जमबर्ग के सांसद स्वेन क्लेमेंट ने ‘स्पेस डेटा सेंटर्स’ विषय पर चर्चा की। आयोजकों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, उन्होंने अंतरिक्ष में डेटा प्रोसेसिंग की संभावनाओं को समझाने के लिए एक छोटे उपकरण और विलियम शेक्सपियर के साहित्य से जुड़ा उदाहरण भी प्रस्तुत किया। वहीं, फिनलैंड से आए वक्ता ने ‘हैप्पीनेस’ विषय पर अपने विचार रखते हुए जीवन में संतुष्टि और वास्तविक खुशी के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खुशी केवल भौतिक संसाधनों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि व्यक्ति के दृष्टिकोण और जीवन के प्रति सोच की भी इसमें अहम भूमिका होती है। पठानकोट को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास कार्यक्रम में शामिल स्थानीय सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने आयोजन की सराहना की। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पठानकोट की प्रतिभा, संस्कृति और संभावनाओं को दुनिया के सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ‘जंक्शन एक्स’ की घोषणा के साथ सम्मेलन में स्थानीय युवाओं के कौशल विकास, अंतरराष्ट्रीय संपर्क और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। अब इस पहल की आगे की रूपरेखा और चयन प्रक्रिया पर युवाओं की नजर रहेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें