फरीदकोट जिला बार एसोसिएशन के 11 सितंबर को होने वाली चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। प्रधान, उपप्रधान, सचिव, संयुक्त सचिव और कैशियर के पदों के लिए मतदान होगा। इन पदों के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। एक ग्रुप की अगुवाई सरनाम सिंह संधू कर रहे हैं, जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व नवजोत सिंह वैहनीवाल द्वारा किया जा रहा है। दोनों खुद प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे है और दोनों ने बाकी सभी पदों के लिए अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। 11 सितंबर को मतदान के बाद शाम को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार तेज करते हुए सरनाम सिंह संधू और उनकी पूरी टीम ने बुधवार को फरीदकोट कचहरी में वकीलों से डोर-टू-डोर संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने वकील समुदाय को अपने विजन और चुनावी एजेंडे के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सरनाम सिंह संधू ने विरोधियों द्वारा उनकी वोट को लेकर बार काउंसिल पंजाब में की गई शिकायत पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है, जबकि वह पिछले 12 वर्षों से फरीदकोट कचहरी में प्रैक्टिस कर रहे हैं।