पंजाब के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाब सरकार के युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के सार्थक परिणाम सामने आए हैं। नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने के साथ-साथ नशा पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।फरीदकोट के मिनी सचिवालय में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा विधायकों गुरदित्त सिंह सेखों और अमोलक सिंह के साथ अभियान की समीक्षा करते हुए मुंडियां ने कहा कि सरकार ने नशे के खात्मे के लिए सप्लाई रोकने, जागरूकता फैलाने और नशा पीड़ितों के उपचार की तीन स्तरीय नीति अपनाई है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करों की जानकारी ‘नशा मुक्ति ऐप’ और ‘सेफ पंजाब हेल्पलाइन 97791-00200’ पर देने की अपील की। उन्होंने बताया कि फरीदकोट में हेल्पलाइन पर 755 सूचनाएं मिली हैं, जिनमें 339 मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मंत्री ने पुलिस को मामलों की समयबद्ध जांच कर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फरीदकोट जिले में 11 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें कोटकपूरा के 6 और जैतो के 5 क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने एसएसपी को अगले तीन महीनों में इन हॉटस्पॉट को खत्म करने के निर्देश दिए। मुंडियां ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस सहित अधिकारी मौजूद रहे।