एसडीएम फिरोजपुर अभिषेक शर्मा ने किसानों से धान की पराली को आग न लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से जहां पर्यावरण प्रदूषित होता है, वहीं जमीन की उपजाऊ शक्ति भी कम होती है। इसके अलावा जहरीले धुएं से लोगों को कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ता है। एसडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से किसानों को लगातार पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही पराली के उचित प्रबंधन के लिए कृषि विभाग के माध्यम से सब्सिडी पर मशीनें भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि पराली जलाने के बजाय उसे खेत में ही जोतकर मिट्टी में मिलाएं, ताकि जमीन की उर्वरता बनी रहे। उन्होंने बताया कि सब डिवीजन फिरोजपुर में पराली प्रबंधन के लिए कृषि विभाग के पास 9 हैप्पी सीडर, 1426 सुपर सीडर, 171 मल्चर, 67 बेलर, 704 जीरो टिल ड्रिल और 135 प्लाऊ उपलब्ध हैं। इन मशीनों की मदद से खेतों में ही पराली का उचित प्रबंधन किया जा सकता है। एसडीएम ने कहा कि किसान इन मशीनों की जानकारी और उपलब्धता के लिए अपने नजदीकी कृषि विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।