पंचकूला में पुलिस और क्राइम ब्रांच-2 की संयुक्त टीम ने लॉरेंस बिश्नोई और अर्जू बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पास हुई इस मुठभेड़ में बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू में किया। आधिकारिक प्राथमिकी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के दो सदस्य इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पंचकूला पुलिस और क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम से सेक्टर 21 की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी कर दी। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे और उन्होंने तुरंत अपने पास मौजूद अवैध हथियारों से पुलिसकर्मियों पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं।