अजनाला के गांव महिमद मंदरावाला की सरपंच के पति और पूर्व सैनिक कुलजीत सिंह संधू की मौत के मामले में सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पंजाब सरकार से सीबीआई जांच की मांग की है। रविवार को परिवार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में औजला ने कहा कि यदि पंजाब पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में सक्षम नहीं है तो जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए वह मामले को कोर्ट तक ले जाएंगे और जरूरत पड़ी तो संघर्ष भी करेंगे। औजला ने कहा कि कुलजीत सिंह के लापता होने के बाद उनका मोबाइल करीब 14-15 घंटे तक सक्रिय रहा, लेकिन पुलिस उनकी सटीक लोकेशन का पता नहीं लगा सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि आधुनिक तकनीक उपलब्ध होने के बावजूद 20-25 किलोमीटर के दायरे में पुलिस समय रहते उन्हें क्यों नहीं तलाश सकी। परिवार के अनुसार पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों की लोकेशन बताई जाती रही। 21 सितंबर को हुए थे लापता कुलजीत सिंह 21 सितंबर को घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। 23 सितंबर को रामदास इलाके के पास सड़क किनारे उनका शव बरामद हुआ। परिवार ने घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने पर सवाल उठाए हैं। औजला ने कहा कि पोस्टमार्टम हो चुका है और मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होना चाहिए। औजला ने अमृतसर में कथित जबरन वसूली की शिकायतों और पुलिस सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। परिवार ने कहा कि कुलजीत सिंह पूर्व सैनिक होने के साथ ईमानदार व्यक्ति थे और उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। परिवार ने किसी व्यक्ति पर सीधे संदेह जताने से इनकार करते हुए पुलिस और सरकार की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।