जंडियाला इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान तरसिक्का निवासी जोबनजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी गुरपाल सिंह ने बताया कि शव मिलने के बाद मृतक की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में जोबनजीत सिंह की मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, मृतक पहले से शारीरिक रूप से कमजोर था और आशंका है कि अचानक दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई हो सकती है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। उन्होंने लोगों से मामले को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।