दीपावली पर गुरुनगरी में आगजनी की 15 घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से सभी घटनाओं पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। फायर अफसर दिलबाग सिंह के अनुसार, आग लगने की पहली सूचना मजीठा रोड के अंदरूनी इलाके से मिली, जहां हवाई गिरने से छत पर रखा सामान आग की चपेट में आ गया। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे बटाला रोड, तिलक नगर और मोहकमपुरा में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। इन स्थानों पर दमकल कर्मियों को आग बुझाने में करीब दो घंटे लगे। उन्होंने बताया कि कुल 15 घटनाओं में से 9 खाली प्लॉटों और 6 ग्रामीण इलाकों में आग लगने की शिकायतें मिली थीं। दीपावली के मद्देनजर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दमकल विभाग की 28 गाड़ियों के साथ सेवा सोसाइटी ढाब बस्ती राम की फायर ब्रिगेड को भी तैनात किया गया था। विभाग के 130 मुलाजिमों ने तीन शिफ्टों में ड्यूटी निभाई। सोमवार को भी पटाखे चलने की संभावना को देखते हुए दमकल विभाग की टीमें अलर्ट पर रहीं। बटाला रोड की जगदंबा कॉलोनी में घर की दूसरी मंजिल पर लगी आग बटाला रोड स्थित जगदंबा कॉलोनी में सोमवार शाम एक घर की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हालांकि आग की लपटों से मंजिल पर रखा सामान जलकर राख हो गया। फायर अफसर दिलबाग सिंह ने बताया कि शाम करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पावरकॉम को सूचना देकर इलाके की बिजली बंद करवाई। घटना में घर का सामान जल गया, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।