शिवपुरी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोगों की लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। रन्नौद थाना क्षेत्र में एक युवक ने उफनती पुलिया को बाइक से पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के बीच बाइक समेत नदी में बह गया। गनीमत रही कि युवक को तैरना आता था और उसने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली।
घटना रन्नौद-मायापुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बनी पुलिया की बताई जा रही है। पिछले करीब 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। पानी का बहाव देखकर रास्ते को पार करना बेहद जोखिम भरा था। इसके बावजूद युवक बाइक लेकर पुलिया पार करने पहुंच गया। जैसे ही युवक बाइक लेकर पानी के बीच पहुंचा, तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते युवक बाइक समेत पानी में बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों की नजर भी इस घटना पर पड़ी। इस दौरान युवक ने हिम्मत नहीं हारी और तैरकर पानी से बाहर निकलने की कोशिश की। गनीमत रही कि युवक को तैरना आता था। काफी मशक्कत के बाद वह तैरकर नदी के किनारे पहुंच गया और उसकी जान बच गई। हालांकि उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।
ये भी पढ़ें- मातम में बदली खुशियां: ट्रेन से कटकर बेटे की जान गई तो माता-पिता भी रेल के आगे कूदे, तीन मौतों से सनसनी
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक बाइक समेत पानी के तेज बहाव में बहता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि नदी का बहाव कितना खतरनाक था। कुछ ही सेकंड में बाइक और युवक पानी की धार में बहते नजर आते हैं। बारिश के मौसम में शिवपुरी सहित पूरे इलाके में नदी, नाले और पुलिया उफान पर हैं। कई जगहों पर पुलियाओं के ऊपर से पानी बह रहा है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा कर सकती है।
स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि जब किसी पुलिया या रपटे के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने की कोशिश न करें। खासकर बाइक या अन्य वाहन लेकर तेज बहाव वाले रास्तों को पार करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस घटना में युवक की जान तो बच गई, लेकिन उसकी बाइक नदी में बह गई। यह हादसा बारिश के दौरान उफनती पुलिया और नदी-नालों को पार करने की कोशिश करने वालों के लिए एक बड़ी चेतावनी है।