फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्योपुर: जनविश्वास कार्यक्रम बना जंग का अखाड़ा, मंच से ही नेताओं-अफसरों पर बरसीं जनपद अध्यक्ष

Sun, 30 Aug 2026 06:44 PM IST
श्योपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्योपुर

श्योपुर जिले में आयोजित जनविश्वास कार्यक्रम में जमकर हंगामा हो गया। यहां मंच से जनपद अध्यक्ष रीना आशीष मीणा ने नेताओं और अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उनका गुस्सा इतना तेज था कि मंच पर बैठे अधिकारी उन्हें रोकते रहे, जनपद अध्यक्ष ने उनसे माइक छीनने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुकीं और लगातार बोलती रहीं। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, जनविश्वास कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याएं सुनने और उनके निराकरण के लिए प्रशासन ने कार्यक्रम रखा था। लेकिन इसी कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रीना आशीष मीणा ने अपनी ही सरकार और सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए।

माइक संभालते ही जनपद अध्यक्ष ने कहा कि मैं किसी से डरती नहीं हूं। क्या बिगाड़ लोगे, क्या मेरा रास्ता बंद करवाओगे, क्या मेरी जमीनों पर कब्जा करवाओगे, जिस पर करवाना है करवाओ। मैं मूलचंद बाबूजी की बहू हूं, किसी से डरने वाली नहीं हूं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी कार्यक्रम अगर नियम से करना है तो करो, नहीं तो हमें बुलाया ही मत करो। फिर मैं भी देख लूंगी कि जनप्रतिनिधि का अपमान करना और जनता की बात न सुनना क्या होता है।

ये भी पढ़ें- चित्रकूट में बुजुर्ग ने रोका सीएम मोहन का रास्ता, बोले- पहले मेरा घर देखो; मुख्यमंत्री साथ चलकर पहुंचे अंदर

रीना मीणा यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि तुम क्या भाषण देने आते हो, क्या किसी ने जनता की समस्याएं सुनीं? कितनी समस्याएं हल हुईं? एक-एक गांव में जाकर देखो, एक भी समस्या हल नहीं हुई है। आरोप आता है कि जनपद काम नहीं करती। हम क्या करें, कोई सुनता ही नहीं है, जनपद में कोई पैसा नहीं दे रहा, तो जनपद क्या करेगी। अपने भाषण में उन्होंने बड़ा राजनीतिक बयान भी दे दिया। उन्होंने कहा कि मैं विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रही हूं और अगर मैं विधायक बनी तो पूरा सिस्टम बदल दूंगी। मैं देखती आ रही हूं, ऐसे ही विधायक बन गया और ऐसे ही सांसद बन गया, कोई मतलब का नहीं है, जनता की कोई नहीं सुनता। अति हो गई है, कोई सुनता ही नहीं है। नेता आएंगे और बड़े-बड़े भाषण देकर चले जाएंगे। मंच पर हमेशा जनप्रतिनिधियों का अपमान होता है।

सबसे तीखा हमला उन्होंने अधिकारियों पर किया। उन्होंने कहा कि मैं सच कह रही हूं, अधिकारियों में दम नहीं है तो मैं चूड़ियां भिजवाऊंगी, तुम पहनकर दिखाओ मुझे। उनके इस बयान के बाद मंच पर हड़कंप मच गया। मंच पर मौजूद अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम गगन सिंह मीणा और जनपद अध्यक्ष श्याम सुंदर भटनागर उन्हें रोकते नजर आए। भटनागर तो उनसे माइक छीनने तक पहुंच गए, लेकिन रीना मीणा ने माइक नहीं दिया और अपनी बात पूरी करके ही मानीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल जिला प्रशासन ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें