फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्नैपचैट पर दोस्ती, फिर शादी का दबाव: गुजरात से करवा चौथ का सामान लेकर ग्वालियर पहुंचा युवक, गिरफ्तार

Fri, 23 Oct 2026 09:14 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद एक युवती को कथित तौर पर लगातार परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। ग्वालियर में रहने वाली युवती की पहचान करीब सात महीने पहले स्नैपचैट के जरिए गुजरात के अहमदाबाद निवासी साहिल पटेल से हुई थी। युवती का आरोप है कि बातचीत बंद करने के बाद भी युवक ने उसका पीछा करना, फोन और मैसेज करना जारी रखा। यहां तक कि वह गुजरात से करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर पहुंच गया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

स्नैपचैट से शुरू हुई बातचीत, फिर शादी का दबाव
पीड़िता के मुताबिक, करीब सात महीने पहले उसकी पहचान स्नैपचैट के जरिए अहमदाबाद निवासी साहिल पुत्र सतीश भाई पटेल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच चैट और फोन पर बातचीत होने लगी। युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद साहिल उस पर अपने दोस्तों से बातचीत नहीं करने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने शादी से इनकार कर दिया और उससे बातचीत बंद कर दी।

घर के सामने पहुंचकर छेड़छाड़ करने का आरोप
युवती की शिकायत के अनुसार, बातचीत बंद होने के बाद भी साहिल ने उसका पीछा करना और फोन व मैसेज के जरिए परेशान करना नहीं छोड़ा। आरोप है कि 14 जून 2026 को युवक युवती के घर के सामने पहुंच गया और वहां हंगामा किया। इस दौरान उसने युवती का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने खुद की नस काटने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी कथित तौर पर माफी मांगकर वहां से चला गया।

फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भी युवती को परेशान करने का सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि रात में साहिल फिर उसके घर के सामने पहुंचा। उसने शादी नहीं करने पर युवती की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम करने की धमकी दी। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार उसके घर आता रहा और गिफ्ट भेजकर भी उसे परेशान करता था। लगातार हो रही इस परेशानी के कारण उसके लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया था।

करवा चौथ का सामान लेकर गुजरात से ग्वालियर पहुंचा
युवती के मुताबिक, मामला तब और गंभीर हो गया जब साहिल गुजरात से करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर ग्वालियर पहुंच गया। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उस पर शादी करने का दबाव बनाया। लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर युवती ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।

मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
युवती हिम्मत जुटाकर गोला का मंदिर थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साहिल पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें