नगर निगम में आयोजित समाधान शिविर में ठाकुरगंज निवासी इशरत जहां ने इलाके की समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है और कई बार घरों के अंदर तक पानी भर जाता है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इशरत जहां ने बताया कि इलाके में बिजली के तारों का मकड़जाल फैला हुआ है और कई बिजली के खंभे भी टेढ़े लगे हैं। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से जलभराव की समस्या दूर कराने के साथ बिजली के तारों और खंभों की स्थिति ठीक कराने की मांग की।