माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हुए आयोजनों को लेकर टिप्पणी की। प्रदेश भर में लाखों दीप जलाए जाने का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि यदि इतना पैसा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगाया जाता तो वहां की जनता को इसका लाभ मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर लोगों को रोजगार दिए जाने के कार्यक्रम को लेकर भी अजय राय ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रोजगार दिए जाने की बात वह लंबे समय से सुनते आ रहे हैं और अब देखना होगा कि वास्तव में कितने लोगों को रोजगार मिलता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से रोजगार और बाढ़ प्रभावित लोगों के मुद्दे पर सवाल उठाए।