उत्तर प्रदेश महिला सीनियर क्रिकेट टीम के लिए सेज क्रिकेट ग्राउंड में विशेष हाई परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स कैंप का आयोजन किया गया है। इस कैंप के बारे में जानकारी देते हुए यूपी महिला सीनियर टीम की मुख्य कोच भावना तोमर ने बताया कि चयन प्रक्रिया के बाद 35 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चुनाव कर इस कैंप में शामिल किया गया है। कोच भावना तोमर ने कहा कि इस हाई परफॉर्मेंस कैंप का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार लाना और उनकी कमजोरियों तथा मजबूत पक्षों को चिह्नित करना है। इसके बाद दो और कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे अंतिम टीम का चयन किया जा सके। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) और राजीव शुक्ला की इस पहल से महिला क्रिकेटरों को पुरुषों की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं और एक्पोजर मिल रहा है। कोच ने यह भी कहा कि चयन किसी विशेष जिले तक सीमित न रखकर छोटे-छोटे जिलों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने पर ध्यान दिया गया है। टीम में अंतर्राष्ट्रीय और अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुकी खिलाड़ी (जैसे अर्चना) भी शामिल हैं। आगे खिलाड़ियों को अन्य राज्यों की टीमों के साथ एक्सपोजर मैच भी दिए जाएंगे ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़ सके और टीम आगामी टूर्नामेंट्स के नॉकआउट और सुपर-4 मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर सके।