लखनऊ में फैजाबाद रोड स्थित अकबरनगर के पास समाजवादी पार्टी के खिलाफ एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया है। इसने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस पोस्टर के जरिये वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए सपा सरकार के कार्यकाल पर सीधा हमला बोला गया है। बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा है 'न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे, मुजफ्फरनगर दंगा 7 सितंबर'। पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़ी अखबार की कटिंग, पीड़ित परिवारों के चित्र और सैफई महोत्सव के डांस कार्यक्रमों की तस्वीरें दिखाई गई हैं। सपा पर तंज तस्वीरों के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि एक तरफ मुजफ्फरनगर में दंगे और हिंसा जारी थी। वहीं, दूसरी तरफ सपा शासनकाल में सांस्कृतिक आयोजनों में जश्न मनाया जा रहा था। शहर के प्रमुख फैजाबाद रोड मार्ग पर यह होर्डिंग राहगीरों का ध्यान खींच रहा है। इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।