लखनऊ में फैजुल्लागंज चतुर्थ के दाउदनगर स्थित मामा कॉलोनी में गोमती का जलस्तर बढ़ने से हुए जलभराव का शनिवार को विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जलनिकासी के लिए पांच पंप सेट लगाए गए हैं। वहीं, नवनिर्मित पक्के नाले को एक स्थान पर काटकर जमा पानी उसमें गिराया जा रहा है। गोमती का जलस्तर बढ़ने से दाउदनगर का एक हिस्सा जलमग्न हो गया था। इसके बाद विधायक ने चार सितंबर को जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर राहत एवं बचाव कार्य कराने की मांग की थी। विधायक के पत्र के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने शुक्रवार शाम टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि क्षेत्र की भूमि के स्तर को देखते हुए जरूरत वाले स्थानों पर जेसीबी से कच्चे नाले खुदवाए जाएंगे। इनके जरिये जलभराव वाले हिस्से का पानी पक्के नाले तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी की निकासी में तेजी आएगी और जलभराव कम होगा। विधायक ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। आवागमन और सुरक्षा को देखते हुए विधायक ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जोन तीन के अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी अजीत राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।