संवाद न्यूज एजेंसी झांसी। यूपीआई लेनदेन पर शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। व्यापारियों ने शुल्क वृद्धि पर चिंता जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर शुल्क बढ़ने से व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से शुल्क वृद्धि के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई व्यवस्था को सरल और कम लागत वाला बनाए रखना जरूरी है, ताकि छोटे व्यापारियों और आम लोगों को डिजिटल भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।