रियासी में शुक्रवार को जिला मुख्यालय के अलावा आस पास के ग्रामीण इलाकों में श्री कृष्ण जन्म अष्टमी की धूम रही। ढोल बाजों की थाप पर एक भव्य शोभा यात्रा श्री सनातन धर्म सभा के द्वारा निकाली गई। नगर के प्राचीन श्री राधा कृष्ण के मंदिर से भगवान कृष्ण की पालकी यात्रा शुरू हुई। पारंपारिक मार्ग मोहल्ला मंडिया तेली मोहल्ला खू वाला मोहल्ला से होते हुए चौक चबूतरा पहुंची। पालकी का गली में रहने वाले लोगों द्वारा फूल बरसा कर स्वागत किया गया और प्रसाद चढ़ा माथा टेका गया। पालकी यात्रा के सब से आगे भगवानो के ध्वज शामिल रहे। चौक चबूतरा से एक विशाल शोभायात्रा शुरू हुई,जिसमें भगवान श्री कृष्ण के रूपों को दर्शाती हुईं मनमोहक झांकियां भी शामिल हुई। यात्रा में कई छोटे बच्चे राधा कृष्ण बंद कर आए। यात्रा में शामिल लोगों ने भजन कीर्तन कर कृष्ण महिमा का गुणगान किया। युवाओं की टोलियों ने खूब नाच कर धमाल मचाया। मुख्य बाजार बस अड्डा नई बस्ती कोर्ट रोड से होते हुए शोभायात्रा शिव मंदिर पहुंची,जहां पर मुख्य कार्यक्रम हुआ। विधायक कुलदीप राज दुबे के अलावा जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।