कुटलैहड़ क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बॉल में उस समय आत्मीय माहौल बन गया, जब कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा अचानक स्कूल परिसर में पहुंचे और स्कूली बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन किया। विधायक विवेक शर्मा ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए जहां उनकी पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली, वहीं विद्यार्थियों को सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को लेकर भी प्रश्नोत्तरी की। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में लगातार सुधार हो। मिड-डे मील में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार बेहतर और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना स्कूल प्रबंधन तथा संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।