अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और राशन वितरण की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना भी सुनिश्चित किया जाए। वे बुधवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। जुलाई से अक्तूबर 2026 के दौरान 61,537 क्विंटल आटा, 38,703 क्विंटल चावल, 8,714 क्विंटल चीनी, 979 क्विंटल नमक, 1,421 क्विंटल चना दाल, 1,830 क्विंटल मल्का दाल और 1,483 क्विंटल उड़द दाल वितरित की गई। इस अवधि में 6,16,257 लीटर सरसों के तेल का भी वितरण किया गया। बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग की निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जुलाई से अक्तूबर के दौरान विभाग ने जिला में 1,028 निरीक्षण किए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 85,320 रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई गई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।