माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के लिए वीरवार से ऑडिशन शुरू हो गए हैं। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अंब में आयोजित चयन प्रक्रिया के पहले दिन सुबह से ही प्रतिभागियों की चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में युवाओं ने गायन और अन्य कलाओं के माध्यम से चयन समिति के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन की प्रक्रिया 26 और 27 नवंबर 2026 को आयोजित की जा रही है। स्थानीय कलाकारों में इसमें भाग लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा ऑडिशन के दोनों दिन मौके पर भी आवेदन करने की सुविधा दी गई है। प्रशासन के अनुसार, नामी कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन प्रक्रिया से सीधी छूट दी गई है। गौरतलब है कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव पहले 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होना प्रस्तावित था। हालांकि, प्रशासनिक कारणों से इसकी तिथियों में बदलाव किया गया है। अब यह महोत्सव 4 से 6 दिसंबर 2026 तक अंब के मेला मैदान में आयोजित होगा। ऑडिशन के माध्यम से चयनित कलाकारों को महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।