सोलन। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शनिवार को सोलन के मालरोड स्थित निजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य एवं पेय पदार्थों से जुड़े व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माल रोड क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई, बेकरी, कैफे तथा अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े व्यवसायियों ने भाग लिया। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की खरीद, भंडारण, तैयार करने तथा ग्राहकों को परोसने तक बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष कुशल जेठी, डॉ. अतुल, दीक्षा कपिल, महासचिव पंकज वर्मा, उपाध्यक्ष विनेश शर्मा व मुकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।