सोलन। भाजपा प्रदेश के सहकारिता प्रकोष्ठ की ओर से 29 नवंबर को सोलन में प्रदेश स्तरीय सहकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को निजी में एक विशेष बैठक हुई। यह बैठक भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल इसमें मुख्य अतिथि होंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। बैठक में सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि यह सम्मेलन संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। नरेश चौहान ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में सहकारिता को सुदृढ़ करने की नीतियों पर व्यापक चर्चा होगी। प्रदेश भर के सहकारी बंधुओं में इसे लेकर भारी उत्साह है।