नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर को बेसहारा गोवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को सात बेसहारा गोवंश को कोटला बड़ोग स्थित गोशाला भेजा गया। कार्रवाई के दौरान इनमें तीन टैग लगे पालतू गोवंश भी पाए गए। ऑनलाइन भारत पशुधन पोर्टल पर उपलब्ध टैग संबंधी जानकारी के आधार पर प्रशासन ने इनके मालिकों की पहचान कर ली है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नाहन के एसडीएम राजीव सांख्यान ने बताया कि शहर में बेसहारा गोवंश की बढ़ती समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर परिषद, पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयास से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पकड़े जा रहे बेसहारा गोवंश को कोटला बड़ोग और नालागढ़ स्थित हांडा कुंडी बुल सेंचुरी भेजा जाएगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसडीएम ने पशुपालकों से अपने पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले पशुओं से दुर्घटनाओं का खतरा रहता है और आम लोगों को भी परेशानी होती है। पशुओं को बेसहारा छोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।