जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से पथ संचलन आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकरूपता के साथ भाग लिया। पथ संचलन से पहले चौगान मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्या भारती के प्रांत मंत्री ज्ञान चंद ने कहा कि आरएसएस के स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समरस बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़े। इस दौरान उनका अनुशासन और सामूहिक एकरूपता देखने को मिली। आयोजन के माध्यम से समाज में सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।