डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) अंतर महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। दूसरे दिन खेले गए चारों मुकाबलों में ढलियारा, सोलन, नाहन और बिलासपुर की टीमों ने 3-0 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दूसरे दिन पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रेम राज भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने उनका स्वागत किया और प्रतियोगिता के आयोजन एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। दूसरे दिन का पहला मुकाबला राजकीय महाविद्यालय ढलियारा और राजकीय महाविद्यालय जुखाला के बीच खेला गया। इसमें ढलियारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में इवनिंग कॉलेज शिमला और राजकीय महाविद्यालय सोलन की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में सोलन कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और सटीक शॉट्स के दम पर 3-0 से बाजी मारी।