नाहन। समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में शुक्रवार को नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आईईडी (दिव्यांग) बच्चों के लिए जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के 16 शिक्षा खंडों से चयनित 53 दिव्यांग प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि दिव्यांग बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए उनकी प्रतियोगिताएं सामान्य बच्चों के साथ मिलकर करवाई जा रही हैं। ओलंपियाड के दौरान मैदान में वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बोची और एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। डाइट के उप प्रधानाचार्य आईडी राही ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के बौद्धिक और शारीरिक स्तर को ऊंचा उठाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से इन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने में बड़ी मदद मिलती है।