नगर परिषद नाहन में घर-घर कूड़ा संग्रहण के लिए वसूले जाने वाले यूजर चार्ज की राशि में कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद अब पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। रिकॉर्ड के अनुसार 11.18 लाख रुपये यूजर चार्ज के रूप में वसूले गए, लेकिन नगर परिषद के पास केवल 5.93 लाख रुपये ही जमा हुए। इस तरह 5.25 लाख रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिलने पर पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से पांच के वापस जमा नहीं होने की बात भी शिकायत में सामने आई है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। शिकायत के अनुसार सीएलसी के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत नितिन कल्याण निवासी वाल्मीकि बस्ती, नाहन को यूजर चार्ज वसूली के लिए रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं।