जिला बास्केटबाल एसोसिएशन मंडी के चुनाव रविवार को लोक निर्माण विभाग के बासा (गोहर) विश्राम गृह में आयोजित किए गए। चुनाव फुटबॉल कोच विक्रम सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुए, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी चेतन कुमार शर्मा ने चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। जिले के 14 विभिन्न स्पोर्ट्स क्लबों से जुड़े सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। चुनाव के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। स्पोर्ट्स क्लब बग्गी के नितिन गुप्ता को एसोसिएशन का चेयरमैन चुना गया। वहीं टारना स्पोर्ट्स क्लब के अशोक कुमार गर्ग ‘भुट्टो’ को जिला प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई। माता चतुर्भुजा स्पोर्ट्स क्लब जोगिंदरनगर की पलवी शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। स्पोर्ट्स क्लब जंजैहली के गगन वर्मा और स्पोर्ट्स क्लब भड़याल के गुरदेव को उपाध्यक्ष बनाया गया। शिवगिरि स्पोर्ट्स क्लब सरकाघाट से राजू, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा विभाग, को महासचिव चुना गया। स्पोर्ट्स क्लब बग्गी के कपिल शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। स्पोर्ट्स क्लब द्रंग की प्रेरणा शर्मा को सह सचिव बनाया गया। आदर्श वेलफेयर सोसाइटी के प्रवीण बंधु को भी सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। यूथ स्पोर्ट्स क्लब बग्गी से हरमेश, मुकेश, चमन राणा और शृंगारिका को कार्यकारी सदस्य चुना गया। इसके अलावा विनय कुमार को तकनीकी कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया। चयन समिति में संजय कुमार, चंदन और राजकुमार को शामिल किया गया, जबकि सतीश ठाकुर को मीडिया सलाहकार बनाया गया। प्रदेश बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष मुनीष शर्मा ने जिला बास्केटबाल एसोसिएशन की नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी जिले में बास्केटबाल को मजबूत करने के लिए प्रभावी तरीके से काम करेगी। मुनीष शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध करवाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने नई कार्यकारिणी से जिले में बास्केटबाल गतिविधियों को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई।