शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ है। दो दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिताओं का शुभारंभ समाजसेवी कार्तिक चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में किया। प्रतियोगिता में जिले के लगभग 40 विद्यालयों की करीब 500 छात्राएं भाग ले रही हैं। छात्राएं मंच पर दो दिनों तक सांस्कृतिक, कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिताओं के दौरान एकल गान, शास्त्रीय गायन, समूहगान, संस्कृत गीतिका, भाषण, नाटक और कुल्लवी नाटी सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के मुकाबले होंगे। इनका उद्देश्य छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। मेजबान विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कपूर सूद ने प्रतियोगिताओं का आयोजन को छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता विकसित होती है। विशेष रूप से कुल्लवी नाटी और अन्य पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। कहा कि जिलाभर से पहुंची छात्राएं विभिन्न विधाओं में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए तैयार हैं।