पर्यटन नगरी मनाली में रविवार सुबह पहली हिमालयन मैराथन का शानदार आयोजन किया गया। फिटनेस को बढ़ावा देने और मनाली को पर्यटन के साथ खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में करीब 700 धावकों ने भाग लिया। सुबह उत्साह से भरे माहौल में एसपी कुल्लू अभिषेक शेखर और जिला पर्यटन अधिकारी रोहित ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। एसपी अभिषेक शेखर ने भी मैराथन में भाग लिया और 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के लिए दौड़े। मैराथन में धावकों के लिए अलग-अलग दूरी की दौड़ आयोजित की गई। 42 किलोमीटर की मैराथन मनाली से गुलाबा तक, 21 किलोमीटर की दौड़ कोठी तक और 10 किलोमीटर की दौड़ पलचान तक रखी गई। इसके अलावा पांच किलोमीटर की मनोरंजक दौड़ भी आयोजित की गई। अलग-अलग आयु वर्ग और शारीरिक क्षमता वाले प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में धावकों को मनाली और आसपास के खूबसूरत पर्यटन स्थलों के बीच दौड़ने का अवसर मिला। मनाली होटलियर्स एसोसिएशन की ओर से पहली बार आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और मनाली में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन मनाली को नई पहचान दिलाने के साथ पर्यटन सीजन के अलावा भी पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद कर सकते हैं। खेल गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को सामने लाने का प्रयास किया गया। आयोजन में कई बार की मैराथन चैंपियन तेंजिन डोलमा भी मौजूद रहीं। उनकी मौजूदगी ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। मैराथन के माध्यम से फिटनेस, खेल और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया। पहली हिमालयन मैराथन में करीब 700 धावकों की भागीदारी से मनाली में खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल देखने को मिली।