रानीताल स्थित घट्टा टोल प्लाजा को बंद करने और किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर संघर्ष समिति और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हुए और टोल प्लाजा के संचालन के खिलाफ अपना रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने एक लेन को छोड़कर टोल प्लाजा की अन्य सभी लेन बंद करवा दीं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग है कि टोल प्लाजा को मौजूदा स्थान से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त जगह स्थापित किया जाए। ग्रामीणों का कहना था कि टोल प्लाजा को लेकर लंबे समय से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि उनकी समस्याओं और आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा टोल प्लाजा को यहां से स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों को उम्मीद थी कि प्रशासन या संबंधित विभाग का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेगा। हालांकि, काफी देर तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे प्रदर्शनकारियों में और नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन में संघर्ष समिति की ओर से सौरव कौंडल, आसपास की पंचायतों के प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।