फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर: हिमाचल के पशु चिकित्सकों ने उठाई ACPS बहाली की मांग, बोले- बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच करियर प्रगति जरूरी

हिमाचल प्रदेश के पशु चिकित्सकों ने प्रदेश सरकार के सामने ACPS बहाली की मांग उठाई है। हिमाचल प्रदेश वेटेरिनरी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया है कि पशु चिकित्सकों के लिए अश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन स्कीम (Assured Career Progression Scheme) को दोबारा लागू किया जाए। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. हितेश जसवाल और जिला सचिव हमीरपुर डॉ. शाश्वत शर्मा ने कहा कि पशु चिकित्सक केवल पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार पशु चिकित्सक रेबीज, टीबी सहित विभिन्न जूनोटिक रोगों की रोकथाम, नियंत्रण और उन्मूलन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। विशेष रूप से रेबीज उन्मूलन के लिए पशुओं का टीकाकरण, रोगों की निगरानी, लोगों में जागरूकता फैलाना और पशु काटने की घटनाओं की रोकथाम जैसे कार्यों में पशु चिकित्सक लगातार जमीनी स्तर पर सेवाएं दे रहे हैं। इन गतिविधियों का सीधा संबंध मानव स्वास्थ्य से भी है, क्योंकि कई संक्रामक बीमारियां पशुओं से मनुष्यों में फैल सकती हैं। एसोसिएशन का कहना है कि समय के साथ पशु चिकित्सकों की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्हें पशु स्वास्थ्य के साथ-साथ रोग नियंत्रण, टीकाकरण, निगरानी और जनजागरूकता जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य करने पड़ते हैं। इसके बावजूद पशु चिकित्सकों के लिए करियर प्रगति और नियमित पदोन्नति के अवसर सीमित हैं। एसोसिएशन ने सरकार से इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए ACPS को फिर से बहाल करने की मांग की है। पशु चिकित्सकों का कहना है कि ACPS की बहाली से लंबे समय से सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को उनकी सेवा अवधि के अनुरूप करियर प्रगति और वेतन संबंधी लाभ मिल सकेंगे। एसोसिएशन ने सरकार से इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के साथ चिकित्सकों के करियर से जुड़े मुद्दों का समाधान भी जरूरी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें