विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की सवर्ण न्याय यात्रा मंगलवार को हमीरपुर पहुंची। यात्रा के जिला में प्रवेश से लेकर विभिन्न पड़ावों तक राजपूत और सामान्य वर्ग के लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना का स्वागत किया। शाम को गांधी चौक पर आयोजित जनसभा में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। मकराना ने इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मिला समर्थन बताया। मकराना ने कहा कि यूजीसी का गठन शिक्षा में सुधार के लिए किया गया था, लेकिन प्रस्तावित नियमों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ अन्याय होने की आशंका है। पिछले आठ से नौ महीने से इस मुद्दे पर आंदोलन चल रहा है और तीन महीने से पैदल यात्रा निकाली जा रही है। हिमाचल में करीब 600 किलोमीटर की यात्रा प्रस्तावित है। विभिन्न जिलों से लगभग 350 किलोमीटर का सफर तय कर यात्रा हमीरपुर पहुंची है। इस मौके पर राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।