कश्मीर मनसाई क्षेत्र की बीडीसी सदस्य ममता ने कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया है। उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, आत्मा प्रोजेक्ट के चेयरमैन कैप्टन सुनील दत्त, आरटीए सदस्य विवेक कटोच, मीरा शर्मा और सरोज कुमारी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने के बाद ममता ने कहा कि वह पार्टी के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने संगठन के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर लोगों की आवाज को मजबूत करने की बात कही। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने ममता का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत और स्थानीय निकाय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को और मजबूती मिलेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और लोगों तक सरकार की नीतियों को पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसमस्याओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से तय होती है। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।